इंदौर ।
मध्य प्रदेश के इंदौर में बीती रात एक बहुमंजिला होटल की इमारत गिरने से 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि दर्जनों घायल हो गए। वहीं कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। हादसा रात नौ बजकर 17 मिनट पर हुआ। हादसे का कारण घटना के कुछ मिनट पहले होटल के बाहर पार्क की जा रही एक स्कोडा कार के इस बिल्डिंग के पिलर से टकराने को बताया जा रहा है। आधी रात तक प्रशासन ने 10 मौतों की पुष्टि कर दी थी। इनमें दो महिलाएं हैं। घायलों का इलाज एम वाय अस्पताल में चल रहा है।
सरवटे बस स्टैंड पर शनिवार शाम को होटल की चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस इमारत में होटल और लॉज संचालित हो रही थी। बिल्डिंग बहुत पुरानी बताई जा रही है। जैसे ही हादसा हुआ धूल का बड़ा गुबार उठा को मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने दबे लोगों को निकाला। घटना के 20 मिनट बाद निगम का अमला मौके पर पहुंचा है। महापौर मालिनी गौड़ भी नगर निगम के पूरे अमले के साथ घटनास्थल पहुंची। फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस भी मौके पर बुलाई गई जिसके बाद घायलों को एम वाय अस्पताल ले जाया गया। वहां करीब दस लोगों को मृत घोषित कर दिया जबकि दर्जनों घायलों को भर्ती कर लिया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने हादसे पर दुख जताया है और कहा है कि बचाव कार्य सहित पूरी स्थिति पर हमारी नजर है। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी सकुशल हों और घायल शीघ्र स्वस्थ हों। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को पचास-पचास हजार रुपए देने की घोषणा की है। जिस स्कोडा कार की टक्कर से होटल के पिलर को नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है वो एक दूसरे होटल मालिक अशोक अरोरा की निकली है। हालांकि अरोरा ने अपनी गलती मानने से इंकार किया है। उसने कहा कि वह अपनी कार सही-सलामत पार्क करके गया था।
reported by : deepu shukla
edited by : rudresh
Be First to Comment