जयपुर।
ढाई महीने से खाली चल रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पर पार्टी हाईकमान ने शुक्रवार शाम को राज्यसभा सांसद मदन लाल सैनी की ताजपोशी कर दी है। 74 वर्षीय मदन लाल सैनी के आज दोपहर जयपुर पहुंचने पर सांगानेर एयरपोर्ट पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया और जुलूस के रूप में उन्हें भाजपा मुख्यालय ले आए.
इससे पहले वे मोतीडूंगरी गणेश मंदिर गए, जहां भगवान का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, कैबिनेट मंत्री अरुण चतुर्वेदी, कालीचरण सराफ, केंद्रीय मंत्री पीपी चौधरी समेत अन्य मंत्री, विधायक व भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष संजय जैन समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता साथ रहे। जगह-जगह पर कार्यकर्ताओं ने मदन लाल सैनी व सीएम राजे का फूल माला पहनाकर और पुष्प गुच्छ भेंट करके स्वागत किया। जुलूस के रूप में सैनी अंबेड़कर सर्किल पहुंचे और भीमराव अंबेड़कर की प्रतिमा पर फूल अर्पित किए। वहां से वे भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया। आतिशबाजी की गई और मिठाई बांटी गई। एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक सैनी के जयकारों से माहौल गुंजायमान रहा। भाजपा मुख्यालय में सीएम वसुंधरा राजे, निवर्तमान अध्यक्ष अशोक परनामी, संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, केन्द्रीय मंत्रियों व राज्य के कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों व पदाधिकारियों की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण करवाया। भाजपा मुख्यालय को रंगोली से सजाया गया।
इस मौके पर नवनियुक्त अध्यक्ष सैनी ने मीडिया से कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने जो जिम्मेदारी है, वे उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। पार्टी आलाकमान ने उन्हें अहम भूमिका दी है, वे सभी के सहयोग से इसे पूरा करेंगे। साथ ही विधानसभा चुनाव में एक सौ अस्सी और लोकसभा में पच्चीस सीटें जीतना ही पहली प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं व समाजों का साथ लेकर चुनाव में उतरेंगे। संगठन को चुस्त-दुरुस्त किया जाएगा। पार्टी कार्यक्रमों में तेजी लाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के लाभ जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे।
सीएम राजे ने बधाई दी
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ट्वीट करके मदन लाल सैनी को प्रदेश अध्यक्ष की बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया कि उनके नेतृत्व में पार्टी मजबूती होगी और फिर से बहुमत हासिल करेगी। उधर, मदन लाल सैनी के प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा होते ही दिल्ली में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, पीपी चौधरी, अर्जुनराम मेघवाल, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ समेत प्रदेश के सांसदों, विधायकों व पदाधिकारियों ने राजस्थान हाउस में उन्हें बधाइयां दी। जयपुर आने से पहले सैनी ने शनिवार सुबह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की। दोनों के बीच विधानसभा, लोकसभा चुनाव और संगठन कार्यक्रमों पर लंबी मंत्रणा हुई।
Be First to Comment