नसरुल्लागंज/ सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की नसरुल्लागंज तहसील में दो नाबालिग बहनों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी उस वक्त लगी जब छोटी बहन ने बच्चे को जन्म दे दिया। बड़ी बहन अभी गर्भवती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी हनीफ उर्फ अन्न्ू को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। दोनों बहनों की मां की मौत पहले ही हो चुकी है और पिता के साथ रहती हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नगर के एक घर में शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे छोटी बहन ने घर में ही एक बच्ची को जन्म दिया। पड़ोसियों से को जब इस बात की जानकारी मिली तो इसकी सूचना महिला बाल विकास विभाग को दी।
मां-बच्चे को भोपाल भेजा
इसके बाद मौके पर विभाग के परियोजना अधिकारी गिरीश चौहान व महिला सशक्तिकरण अधिकारी प्रीति यादव पहुंची और निजी वाहन से जच्चा और बच्चा को अस्पताल लेकर पहुंचे। दिनभर पूछताछ का दौर चला। दूसरी नाबालिग बहन की जांच कर उसे पुलिस के संरक्षण में दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद मां और शिशु को भोपाल रेफर कर दिया गया। इसके बाद भी पुलिस को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने में छह घंटे का समय लग गया। दोनों मामलों में आरोपियों पर ज्यादती, पाक्सो और अजा-जजा अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िताओं के उधर पुलिस सूचना मिलने के एक घंटे बाद हरकत में आई। वहीं पीड़िता को बयान दर्ज कराने दो घंटे तक थाने में महिला पुलिसकर्मी के आने का इंतजार कराया गया।
पहचान के युवक ने ही की ज्यादती
बच्ची को जन्म देने वाली 15 वर्षीय किशोरी ने बताया कि सितंबर 2017 में मुस्लिम मोहल्ला निवासी हनीफ उर्फ अन्न्ू से उसकी पहचान हुई। इसके बाद हनीफ (19) ने उसके साथ ज्यादती की जिससे वह गर्भवती हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
गर्भवती ने कहा, दो साल पहले की थी शादी
गर्भवती पीड़िता ने बताया कि उसने घर पर बिना बताए कमलेश गोस्वामी से शादी कर ली थी। वह दो साल से उसके संपर्क में था। कमलेश तीन माह पहले बिना कुछ बताए गायब हो गया।
डरा-धमकाकर बनाया शिकार, अब गायब
17 वर्षीय दूसरी पीड़िता ने बताया कि अक्टूबर 2017 में राधेश्याम कालोनी निवासी आरोपी कमलेश गोस्वामी (22) ने डरा धमकाकर उसके साथ ज्यादती की। इसके बाद वह भी गर्भवती हो गई। आरोपी अप्रैल माह से ही गायब है। इस मामले में सह आरोपी नेहा (18) पुत्री दिनेश बड;गुर्जर को भी गिरफ्तार किया है।
पीड़िताओं को न्याय दिलाया जाएगा
घटना गंभीर है। पूरे मामले में पुलिस बारीकी से छानबीन कर रही है। पीड़ित बहनों को न्याय दिलाया जाएगा। एक आरोपी और दूसरे मामले की सह आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। वहीं दूसरे मामले में एक आरोपी की सरगर्मी से तलाश जारी है।
– राजेश सिंह चंदेल, एसपी
दीपू शुक्ला
Be First to Comment