नई दिल्ली।
उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी के संत नगर में आज सुबह एक घर से संदिग्ध स्थिति में 11 शव मिलने से हड़कंप मच गया है। बरामद किये गए शव सात महिलाओं और चार पुरुषों के हैं। बताया जा रहा है कि फंदे पर लटके 10 शवों के आंखों पर पट्टी बंधी थी, जबकि एक शव जमीन पर पड़ा हुआ था।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को सुबह साढ़े सात बजे शवों की सूचना मिली। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक ही घर में 11 लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मामला सामूहिक हत्या का है या लोगों ने खुदकुशी की है। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर रही है।
सभी शव बुराड़ी के संत नगर में गली नंबर 24 में गुरुद्वारे के पास स्थित एक घर से बरामद किए गए हैं। जिस घर से शव बरामद किए गए हैं, वह दो मंजिला है। खबर के मुताबिक मरने वाले लोग दो भाइयों के परिवार से थे।
पुलिस का कहना है कि 10 लोग फंदे पर लटके मिले हैं, व एक बुजुर्ग महिला का गला घोटकर मारा गया है। पुलिस के मुताबिक इस महिला की हत्या की गई है। 10 लोग जो फंदे से लटके मिले है वह सभी पहले माले पर मिले है। कहा जा रहा है परिवार आर्थिक रूप से पूरी तरह मजबूत था, यह परिवार 22-23 सालो से रह रहा था। परिवार के लोगों को दूध और प्लाईवुड की दुकान है। साथ में एक किराने की दुकान भी है। हंसता-खेलता परिवार कैसे मर गया इस बात से सभी हैरानी में है? पुलिस अभी जांच में जुटी हुई है।
Be First to Comment