नई दिल्ली। देश में लगातार कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों में गिरावट जारी है। पिछले 24 घंटे में 17,392 संक्रमण के नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं संक्रमण से 200 नई मौतें हुई हैं।देश में अब तक एक करोड़ से अधिक लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को जानकारी दी कि बीते 24 घंटों में कोरोना के 17,392 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले 1,04,67,676 पहुंच गए हैं। वहीं पिछले 24 घंटों में कोरोना की वजह से 200 मरीजों की मौत होने के बाद देश में अब तक कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 1,51,199 हो गई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार वहीं दूसरी ओर पिछले 24 घंटों में 19,299 कोरोना मरीज स्वस्थ हो गए हैं। इसी के साथ देश में अब तक 1,00,92,909 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में सफल रहे हैं। रोजाना आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अधिक है। इससे कोरोना के सक्रिय के मामलों में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। देश में कोरोना के सक्रिय मामले घटकर 2,20,019 रह गए हैं।
सक्रिय मामलों में भारत 14वें नवंबर पर-दुनियाभर में नौ करोड़ से अधिक लोग वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं और 19.43 लाख से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। कोरोना से सर्वाधिक देशों में अमेरिका शीर्ष पर है। इसके बाद दूसरे नंबर पर भारत है। कोविड के सक्रिय केस को लेकर दुनिया में भारत 14वें स्थान पर है। कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश है। जबकि कोरोना से मौतों के मामले में अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत तीसरे नबंर पर है।
नए स्ट्रेन के 96 मरीज-केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार सोमवार तक देश में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन से संक्रमित होने वाले मरीजों की कुल संख्या 96 हो गई है। ब्रिटेन में मिला कोरोना का यह नया स्ट्रेन भारत समेत अब तक दुनिया के कई देशों में फैल चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि संक्रमित पाए गए लोगों को उनके राज्यों में कोरोना केयर केंद्रों में अलग-अलग कमरों में आइसोलेशन में रखा गया है। इनके परिजनों और निकट संपर्क में आए लोगों को भी क्वारंटाइन किया गया है। सभी की सेहत पर लगातार नजर भी रखी जा रही है।
Be First to Comment